Koriya cg today news कोरिया। जिले के ग्राम पण्डोपारा में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, गाली-गलौज, बाल काटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने बताया कि उसने प्रेम विवाह किया था और उसके चार बच्चे हैं, जो वर्तमान में उसके पति के साथ रह रहे हैं। महिला का आरोप है कि आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद के कारण उसका पति उसे लगभग एक वर्ष पहले छोड़ चुका था। इसके बाद वह अपने समाज के एक परिचित व्यक्ति के घर रह रही थी।महिला के अनुसार इसी दौरान उसका पति वहां पहुंचा और उसे घर के बाहर बुलाकर विवाद करने लगा।
आरोप है कि पति ने पहले अश्लील गालियां दीं और फिर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने हाथ-मुक्कों से महिला की पिटाई की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी ने कैंची और ब्लेड से उसके बाल काट दिए, जिससे उसे शारीरिक और मानसिक आघात पहुंचा है।घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने पूरा घटनाक्रम देखा। बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो भी बनाया गया है, जो पुलिस जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही उपलब्ध वीडियो फुटेज की भी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।









