सूरजपुर। जिले में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। पतरापारा रोड स्थित लवलीहुड कॉलेज के पास 4 से 5 युवकों ने एक व्यक्ति पर धारदार चाकू से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बरन राम (निवासी ग्राम पीढ़ा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बरन राम किसी कार्य से सूरजपुर न्यायालय आए हुए थे। न्यायालय से वापस अपने घर लौटने के दौरान घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में घटना में शामिल एक आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










