Koria School News 3 साल बाद कोरिया को मिले 135 स्कूल, शिक्षा विभाग का बढ़ा दायरा

बैकुंठपुर। नए शिक्षण सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ कोरिया जिले के शिक्षा विभाग के लिए एक बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि सामने आई है। करीब साढ़े तीन वर्ष बाद एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले के बचरापोड़ी तहसील क्षेत्र की 33 ग्राम पंचायतों में संचालित 135 सरकारी एवं निजी विद्यालय अब पुनः कोरिया जिले के शिक्षा विभाग के अधिकार क्षेत्र में आ जाएंगे।

शिक्षा विभाग द्वारा 16 जून से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र के लिए शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले ही दिन नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। इसी बीच प्रशासनिक स्तर पर लंबे समय से लंबित विद्यालय हस्तांतरण प्रक्रिया भी पूरी होने जा रही है।

गौरतलब है कि सितंबर 2022 में कोरिया जिले के विभाजन के बाद एमसीबी जिले का गठन किया गया था। इसके बावजूद बचरापोड़ी क्षेत्र के 33 गांवों में संचालित 135 स्कूल एमसीबी शिक्षा विभाग की देखरेख में संचालित होते रहे। दिसंबर 2024 में विकासखंड परिसीमन के बाद इन गांवों को बैकुंठपुर विकासखंड में शामिल किया गया था, जिसके बाद से विद्यालयों के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हुई।

एमसीबी शिक्षा विभाग द्वारा अक्टूबर 2025 में स्कूलों की सूची कोरिया जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई थी। हस्तांतरित सूची में 124 शासकीय एवं 11 निजी विद्यालय शामिल हैं, जिनमें प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं।

विद्यालयों के कोरिया जिले में शामिल होने से शिक्षा विभाग का कार्यक्षेत्र और अधिक विस्तृत होगा। साथ ही 13 नए संकुल केंद्र भी कोरिया शिक्षा विभाग में जुड़ जाएंगे, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी और संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि नए शिक्षण सत्र से बचरापोड़ी तहसील क्षेत्र के सभी 135 विद्यालयों का संचालन कोरिया शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा। इससे साढ़े तीन वर्षों बाद कोरिया शिक्षा विभाग का कार्यक्षेत्र पुनः पूरे जिले में स्थापित हो जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment