सूरजपुर। जिले में चौकी बसदेई पुलिस ने एक युवक को फावड़ा से प्राणघातक हमला करने के मामले में गिरफ्तार किया है। यह घटना 20 अगस्त 2025 की है, जब ग्राम सरमा निवासी मोहरलाल राजवाड़े ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि मूर्ति विसर्जन से लौटने के बाद उसका भाई किराना दुकान में सामान लेने गया था।
वहां आरोपी रमेश राजवाड़े ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फावड़ा से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने शुरुआत में आरोपी पर धारा 296(बी), 351(3), 115(2) के तहत मामला दर्ज किया था।
बाद में डॉक्टर की रिपोर्ट में चोट गंभीर होने पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस जोड़ी गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी रमेश राजवाड़े (पिता स्व. निरंतर राजवाड़े, उम्र 21 वर्ष, ग्राम सरमा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेंद्र जायसवाल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








